मनेंद्रगढ़। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में एक शादी के बाद उस समय बड़ा विवाद खड़ा हो गया, जब दुल्हन का बॉयफ्रेंड उसके ससुराल पहुंच गया और जमकर हंगामा किया। इस घटना से दूल्हे के परिवार में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत कठौतिया निवासी नवीन कुमार की शादी 6 मई को पूरे रीति-रिवाज के साथ कोड़ा निवासी अनिता से हुई थी। 7 मई को विदाई के बाद दुल्हन अपने ससुराल पहुंची, जहां रिसेप्शन की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान दुल्हन का कथित बॉयफ्रेंड मयूर अग्रवाल वहां पहुंच गया।
मयूर अग्रवाल ने परिजनों के सामने दावा किया कि वह युवती के साथ पिछले तीन वर्षों से रिश्ते में है और उसके बिना नहीं रह सकता। उसने दोनों के फोटो और वीडियो होने का भी दावा किया। इस खुलासे के बाद घर में विवाद की स्थिति बन गई और दोनों पक्षों के बीच जमकर बहस और हंगामा हुआ।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हा, दुल्हन व बॉयफ्रेंड को पूछताछ के लिए सिटी कोतवाली थाने ले जाया गया। देर रात करीब 2 बजे तक थाने में समझाइश का दौर चलता रहा, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।
फिल्मी अंदाज में हुए इस घटनाक्रम के बाद दूल्हे ने दुल्हन को अपने साथ रखने से साफ इंकार कर दिया और तलाक लेने की बात कही। वहीं, इस विवाद के चलते रिसेप्शन पार्टी भी रद्द कर दी गई।
सिटी कोतवाली प्रभारी विवेक पाटले ने बताया कि दोनों पक्षों को समझाइश देकर फिलहाल छोड़ दिया गया है। अभी तक पुलिस को कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है और मामले को आपसी सहमति से सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।







