रायगढ़. कक्षा 11वीं की छात्रा अनामिका विश्वकर्मा आज एक दिन की कलेक्टर बनकर जिले के कलेक्टर भीम सिंह से जिला प्रशासन के मुखिया की जिम्मेदारियों व कामकाज को समझा. यूनिसेफ द्वारा संचालित किड्स टेक ओवर कार्यक्रम अंतर्गत रायगढ़ के 10 छात्रों ने आज कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासनिक कार्यप्रणाली को करीब से देखा. छात्रों ने कलेक्टर भीम सिंह से प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन के लिए आवश्यक गुणों व आने वाले चुनौतियों के साथ आईएएस बनने के लिए जरूरी तैयारियों से जुड़े कई सवाल पूछे जिसका कलेक्टर भीम सिंह ने छात्रों को जवाब दिया.
यूनिसेफ द्वारा संचालित कार्यक्रम किड्स टेक ओव्हर अंतर्गत अपने जिले के महत्वपूर्ण कार्यालय को संभालने के लिए बच्चों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल रायगढ़ में अध्ययनरत छात्रा अनामिका विश्वकर्मा को कलेक्टर भीम सिंह ने अपने कार्यालय में अपनी कलेक्टर की सीट पर बैठाया और साथ में आए लगभग 10 छात्र-छात्राओं के साथ संवाद करते हुए उनके सवालों का जवाब भी दिया. एक दिन की कलेक्टर बनी छात्रा अनामिका विश्वकर्मा ने कलेक्टर से पूछा किए आईएएस बनने के पीछे आपका स्ट्रगल कैसा था? कक्षा बारहवीं के दीपेश बारिक ने कलेक्टर से पूछा कि एक कलेक्टर में क्या स्पेशल क्वालिटी होनी चाहिए? वहीं छात्रा अनामिका विश्वकर्मा ने कलेक्टर से पूछा कि जब आपका सिलेक्शन आईएएस इंटरव्यू के लिए हुआ तो इंटरव्यू में जाने के पहले और इंटरव्यू के दौरान आप कैसा महसूस कर रहे थे और आपकी इंटरव्यू की तैयारियां कैसी थी.











