UP के कैसरगंज से BJP सांसद और भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह युवा पहलवान को थप्पड़ जड़कर विवादों में आ गए हैं। रांची के खेल गांव स्थित मेगा स्पोर्ट्स स्टेडियम का यह वाकया अब तूल पकड़ता जा रहा है।
दरअसल, रांची में तीन दिवसीय अंडर-15 नेशनल कुश्ती चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। यहां बृजभूषण बतौर मुख्य अतिथि मंच पर मौजूद थे। इस दौरान एक पहलवान डिस्क्वालिफाई होने पर सांसद से गुहार लगाने लगा। पहले तो सांसद ने पहलवान को समझाने की कोशिश की। नहीं माना तो मंच पर ही उसे जोरदार थप्पड़ जड़ दिया।
इसके बाद पहलवान को लोगों ने वहां से हटा दिया। यह मामला तीन दिन पहले बुधवार का है, लेकिन इसका वीडियो अब सामने आया है तो विपक्षी जमकर बृजभूषण को जमकर खरी-खोटी सुना रहे हैं।
बता दें, सिंह 6 बार से लोकसभा सांसद हैं। काफी समय से वह भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष भी हैं। वह युवा उम्र में पहलवान भी रह चुके हैं।
पहलवान की उम्र अंडर-15 के लिए ज्यादा उम्र थी
कुश्ती संघ के विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक, चैंपियनशिप में अलग-अलग राज्यों के 800 से अधिक पहलवान हिस्सा ले रहे हैं। इसी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए उत्तर प्रदेश का एक पहलवान भी पहुंचा था, लेकिन एज वेरिफिकेशन के दौरान वह 15 वर्ष से ऊपर का निकला। इसके बाद तकनीकी कारणों से उसे प्रतियोगिता में हिस्सा लेने से रोक दिया गया, जिस पर वह बहस करने लगा।











