कांकेर में एक युवती घर से करीब 500 मीटर दूर जंगल में बेहोश मिली। उसकी हालत देख परिजनों ने दुष्कर्म की आशंका जताई है। युवती की हालत गंभीर है। उसे दोपहर में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। सूचना मिलने पर SDM और BMO भी अस्पताल पहुंचे। होश आने के बाद उसका बयान होगा। वहीं दूसरी ओर जॉब से लौट रही एक अन्य युवती से भी रेप हुआ। वारदात के बाद आरोपी फरार है।
जानकारी के मुताबिक, पहली घटना पंखाजूर क्षेत्र के उड़ूमगांव की है। यहां की 21 साल की एक युवती रात को शौच के लिए घर से बाहर गई थी, फिर नहीं लौटी। सुबह जब युवती का पिता उसे तलाश करने निकला तो मकान से महज 500 मीटर दूर एक पेड़ के नीचे वह बेहोश पड़ी मिली। उसे इलाज के लिए पखांजूर अस्पताल लाया गया। वहां डॉक्टर भी नहीं समझ पा रहे थे कि उसके साथ क्या हुआ। हालत गंभीर देख उसे कांकेर रेफर कर दिया गया है।
ASP पखांजूर धीरेंद्र पटेल ने बताया दोपहर में युवती को अचेत हालत में पखांजूर अस्पताल लाया गया था। वह कुछ बोल नहीं पा रही थी। परिजनों ने शंका जताई है कि युवती के साथ दुष्कर्म हुआ है। जिसके आधार पर अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच की जा रही है। युवती के होश में आने के बाद उसका बयान लिया जाएगा।








