रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर इन दिनों क्रिकेट के रंग में रंगी हुई है। आईपीएल 2026 के दो बड़े मुकाबलों को लेकर शहर में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। 10 मई को Mumbai Indians और Royal Challengers Bengaluru के बीच हाई-वोल्टेज मैच खेला जाएगा, जबकि 13 मई को Royal Challengers Bengaluru और Kolkata Knight Riders आमने-सामने होंगे।
मिनटों में सोल्ड आउट हुए टिकट
MI vs RCB मुकाबले के लिए टिकटों की मांग इतनी ज्यादा रही कि 2600 से 8000 रुपये तक के टिकट कुछ ही मिनटों में बिक गए। खासकर 2600-2700 रुपये वाले करीब 3000 टिकट तुरंत खत्म हो गए। पहले चरण में फ्रंट सीट्स पहले ही बिक चुकी थीं, जिसके चलते दूसरे चरण में पीछे की सीटों के टिकट ही उपलब्ध थे, फिर भी महंगे टिकट भी तेजी से खत्म हो गए।
वहीं 13 मई को होने वाले RCB vs KKR मैच के टिकटों की डिमांड अपेक्षाकृत कम नजर आ रही है। इस मुकाबले के अभी तक करीब 60% टिकट ही बिक पाए हैं।
कालाबाजारी ने बढ़ाई मुश्किलें
टिकटों की भारी मांग के बीच कालाबाजारी भी तेजी से बढ़ गई है। एजेंट और दलाल टिकटों को कई गुना कीमत पर बेच रहे हैं। करीब 3000 रुपये का टिकट 6000 रुपये से ज्यादा में बिक रहा है, जबकि प्रीमियम स्टैंड के टिकट 16,000 रुपये तक पहुंच गए हैं। इससे आम दर्शकों के लिए टिकट खरीदना मुश्किल हो गया है।
रायपुर पहुंची मुंबई इंडियंस टीम
10 मई के मैच के लिए Mumbai Indians की टीम रायपुर पहुंच चुकी है। Rohit Sharma, Suryakumar Yadav समेत अन्य खिलाड़ियों का एयरपोर्ट पर फैंस ने जोरदार स्वागत किया। हालांकि कप्तान Hardik Pandya टीम के साथ नहीं पहुंचे हैं। ऐसे में उनकी गैरमौजूदगी में सूर्यकुमार यादव के कप्तानी संभालने की संभावना जताई जा रही है।
9 मई को विराट कोहली के साथ पहुंचेगी RCB
Royal Challengers Bengaluru की टीम 9 मई को Virat Kohli के साथ रायपुर पहुंचेगी। टीम यहां कुछ दिनों तक रुककर दोनों मुकाबलों की तैयारी करेगी। गर्मी को देखते हुए अभ्यास सत्र शाम के समय रखा गया है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रशासन ने दोनों मैचों को लेकर सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। स्टेडियम और होटल परिसर में आम लोगों की एंट्री प्रतिबंधित कर दी गई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।








