नई दिल्ली.महात्मा गांधी की 154वीं जयंती से पहले आज देशभर में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत श्रमदान किया जा रहा है। इसके तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिटनेस ट्रेनर अंकित बैयनपुरिया के साथ श्रमदान किया।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर अंकित बैयनपुरिया के साथ बातचीत करते हुए 4 मिनट 41 सेकेंड का एक वीडियो शेयर किया है। इसमें वे स्वच्छ और स्वस्थ भारत का संदेश दे रहे हैं। सितंबर के मन की बात कार्यक्रम में PM मोदी ने 1 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से एक घंटे के लिए लोगों से स्वच्छता के लिए श्रमदान की अपील की थी।
पीएम ने इस श्रमदान के लिए एक तारीख, एक घंटा, एक साथ का नारा दिया था। आज के अभियान के लिए देशभर में 6.4 लाख जगहों को चुना गया था। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई बड़े नेताओं ने अलग-अलग राज्यों में झाड़ू लगाकर सफाई का संदेश दिया।











