Sunday, May 10, 2026

अंबिकापुर में सांसद के बंगले में चोरी:रामविचार नेताम के सरकारी आवास से 5 लाख के गहने-नगदी पार; न नौकर, न सुरक्षाकर्मियों को चला पता

अंबिकापुर में चोरों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस की नाक के नीचे से चोरों ने शहर के VVIP इलाके में सांसद के घर में सेंध लगा दी। राज्यसभा सांसद और राज्य के पूर्व गृहमंत्री रामविचार नेताम के बंगले का ताला तोड़ चोर 5 लाख के गहने और नगदी ले गए। खास बात यह है कि चोरी की वारदात के दौरान बंगले में मौजूद सुरक्षाकर्मी और नौकरों को इसकी भनक तक नहीं लगी। वारदात की सूचना शनिवार को ही पुलिस को दे दी गई थी, पर दो दिन बाद रविवार को महज डेढ़ लाख रुपए चोरी की FIR दर्ज की है।

गांधी नगर क्षेत्र में राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम का सरकारी बंगला है। वह इन दिनों बाहर गए हुए हैं। बताया जा रहा है कि होली की देर रात बंगले का ताला तोड़कर चोर अंदर घुस गए। इसके बाद कमरे में रखी तीन अलमारियों का लॉक तोड़ वहां से, हीरे की दो अंगूठियां, सोने की दो अंगूठियां, सोने की चेन और 50 हजार रुपए चोरी किए हैं। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह देव ने इसे 5 लाख की चोरी बताया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि डेढ़ लाख की चोरी हुई है, लेकिन अभी चोरी गए सामान की लिस्ट नहीं मिली है।

पुलिस ने बताया कि वारदात के दौरान बंगले के सर्वेंट क्वार्टर में नौकर और सुरक्षागार्ड मौजूद थे, लेकिन होली का दिन होने के कारण सब अपने में ही मगन थे। इसके चलते उन्हें वारदात का पता ही नहीं लग सका। चोरों ने अंदर रखा सारा सामान भी इधर-उधर फेंक दिया था। पुलिस का कहना है कि चोर बंगले के मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे थे। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे CCTV भी खंगाले जा रहे हैं।